बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की बढ़ीं मुश्किलें, 16.61 करोड़ के कर्ज मामले में 9 सितंबर को नीलाम होंगी दो संपत्तियां

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस मामले के बीच अब उन पर बकाया बैंक कर्ज को लेकर भी कार्रवाई तेज हो गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंक की ओर से दोनों संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। इन संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर को प्रस्तावित है।

16.61 करोड़ रुपये के बकाया कर्ज से जुड़ा मामला

जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का बकाया है। हालांकि जिन दो संपत्तियों की नीलामी की जा रही है, उनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।

फिल्म निर्माण के लिए लिया था बैंक से ऋण

बताया गया है कि अभिनेता ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए बैंक से यह ऋण लिया था। निर्धारित समय तक कर्ज की अदायगी नहीं होने पर बैंक ने गिरवी रखी गई संपत्तियों पर कब्जा लेकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी।

शाहजहांपुर की दो संपत्तियां होंगी नीलाम

बैंक रिकॉर्ड के मुताबिक शाहजहांपुर में राजपाल यादव की दो संपत्तियां हैं। इनमें एक शहरी क्षेत्र में स्थित है, जबकि दूसरी ग्रामीण क्षेत्र में है, जिसमें खेत और मकान शामिल हैं। दोनों संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर को की जाएगी।

गारंटर की संपत्तियां भी थीं गिरवी

रिपोर्ट के अनुसार, ऋण के लिए राजपाल यादव ने राधा यादव और अपनी मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटर के रूप में गिरवी रखा था। इसी आधार पर बैंक ने संबंधित संपत्तियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित अन्य संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया भी जारी है।

चेक बाउंस मामले के बीच बढ़ीं मुश्किलें

राजपाल यादव पहले से ही चेक बाउंस मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। जिस कंपनी ने उनके खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया था, उसके संचालक भी शाहजहांपुर के रहने वाले बताए जाते हैं। अब बैंक की नीलामी कार्रवाई के बाद अभिनेता की आर्थिक और कानूनी चुनौतियां और बढ़ती नजर आ रही हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि कर्ज की वसूली के लिए यह पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है।

 

Related posts