लखनऊ: दोस्त रेहान की चाकू से गला रेतकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी उजैफा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात दुबग्गा इलाके में पानी की टंकी के पास पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ। इस दौरान पुलिस की गोली उजैफा के पैर में लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी ने करीब 24 घंटे पहले सआदतगंज इलाके में अपने दोस्त रेहान की हत्या की थी।
अंबेडकर पार्क के पास रेहान पर किया था चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9:30 बजे सआदतगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास रेहान पर चाकू से हमला किया गया था। रेहान रामनगर का रहने वाला था। उसके पिता का नाम मुंशी बताया गया है। आरोप है कि गुलाब की बगिया, मौज्जमनगर निवासी परवेज के बेटे उजैफा ने अपने दोस्त रेहान के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
वारदात के बाद घायल रेहान को तत्काल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान रेहान की मौत हो गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उजैफा मौके से फरार हो गया था। उसके भागने का वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
दुबग्गा में पानी की टंकी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी उजैफा दुबग्गा इलाके में पानी की टंकी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से उजैफा घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
हत्या की वजह और चाकू के बारे में पूछताछ जारी
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
