अखिलेश की रथयात्रा में फूल बरसाने वाली JCB बनी मौत की वजह? 13 साल के आर्यवर्धन की गई जान, परिवार का सड़क पर प्रदर्शन

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। झारखंडी इलाके में हुई इस घटना में बीजेपी नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रथयात्रा के दौरान फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल की जा रही JCB की वजह से यह हादसा हुआ। बच्चे को गंभीर हालत में AIIMS गोरखपुर ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

रथयात्रा के कार्यक्रम के दौरान कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा और जनसभा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान झारखंडी इलाके में JCB से जुड़ा हादसा हुआ, जिसमें आर्यवर्धन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए AIIMS गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का कहना है कि रथयात्रा के दौरान खड़ी JCB हादसे की वजह बनी। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सड़क पर उतरा परिवार, कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन

आर्यवर्धन की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि, घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

डीएम बोले- JCB जब्त, प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जारी

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, करीब साढ़े तीन बजे आर्यवर्धन सिंह के साथ JCB से जुड़ा हादसा हुआ था। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रथयात्रा के कार्यक्रम के दौरान खड़ी JCB की वजह से बच्चे की जान गई।

डीएम ने बताया कि परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है और इस संबंध में लिखित शिकायत दी जा रही है। प्रशासन संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रहा है। हादसे में शामिल JCB को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

सीएम योगी ने दिए 5 लाख रुपये की सहायता के निर्देश

इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन को परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करने और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts