गुलमर्ग से दिल दहलाने वाली खबर, बीच हवा में 300 से ज्यादा टूरिस्टों की अटकी सांसें, रोपवे खराब होने के बाद फंसे, रेस्क्यू जारी

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोंडोला केबल कार सेवा अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच हवा में रुक गई। इस घटना में करीब 300 से अधिक पर्यटक अलग-अलग केबिनों में फंस गए, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, गोंडोला सेवा के संचालन के दौरान अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे केबल कार बीच रास्ते में ही रुक गई। कई पर्यटक लंबे समय तक हवा में लटके केबिनों में फंसे रहे। घटना के बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

अलग-अलग केबिनों में फंसे रहे सैकड़ों पर्यटक

बताया जा रहा है कि गुलमर्ग गोंडोला के कई केबिनों में पर्यटक मौजूद थे, तभी अचानक सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते केबल कार आगे नहीं बढ़ सकी और सैकड़ों लोग बीच हवा में ही फंस गए।

घटना के बाद पर्यटकों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। कई लोग काफी देर तक केबिनों में फंसे रहे, जबकि नीचे मौजूद लोगों में भी चिंता बढ़ गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं टीमें

घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशिक्षित टीमें लगातार काम कर रही हैं।

स्थानीय प्रशासन तकनीकी खराबी को दूर करने में भी जुटा हुआ है ताकि गोंडोला सेवा को सामान्य किया जा सके।

CM उमर अब्दुल्ला कार्यालय ने दिया अपडेट

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय की ओर से बयान जारी किया गया। बयान में कहा गया कि तकनीकी खराबी के कारण गोंडोला सेवा को अस्थायी रूप से रोका गया है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि सभी केबिन सुरक्षित हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। साथ ही लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील भी की गई।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

प्रशासन के अनुसार, अब तक इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। राहत की बात यह है कि सभी पर्यटक सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें जल्द नीचे उतारने की कोशिश जारी है। गुलमर्ग गोंडोला दुनिया के सबसे ऊंचे और लोकप्रिय केबल कार प्रोजेक्ट्स में शामिल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

Related posts