UP Weather: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, सात दिन खिलेगी धूप या सताएगा कोहरा? पूर्वांचल में बारिश के आसार

लखनऊ: अर्णब चक्रवात का असर खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ हो गया है और धूप निकलने से लोगों को बारिश से राहत मिली है। लखनऊ समेत आसपास के जिलों में रविवार को बादल छंटने के बाद हल्की धूप खिली। मौसम साफ होने से बाजारों में भी रौनक लौटती दिखाई दी। हालांकि, आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

अगले सात दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, चंदौली में हल्की बारिश हुई।

मुजफ्फरनगर में सबसे कम तापमान दर्ज

प्रदेश में रविवार को मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। ऐसे में सुबह के वक्त धुंध देखने को मिल सकती है।

पूर्वी यूपी में दो दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश के चलते इन इलाकों के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज कुछ अलग रह सकता है।

Related posts