लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मदरसों को भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ा जाएगा। अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मदरसों में तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रगान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।
मदरसों के छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ने के निर्देश
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र गौरव, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अभियान से जुड़ने के आह्वान के बाद मदरसों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रदेश के मदरसों में तिरंगा फहराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रगान और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले सेनानियों के बारे में जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों पर रहेगा जोर
विभागीय प्रमुख सचिव को दिए निर्देश में राज्य मंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से मदरसों के विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार की ओर से मदरसों में राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पहले से मनाए जाते रहे हैं राष्ट्रीय पर्व
राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी सभी मदरसों में राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराया जाता रहा है और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भी विद्यार्थियों को जोड़ने और राष्ट्र गौरव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
