नई दिल्ली: देश के सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आज रविवार को सामान्य दिनों की तरह खुले हैं। बैंकिंग सेवाओं को लगातार कई दिनों तक प्रभावित होने से बचाने और ग्राहकों को जरूरी काम निपटाने का मौका देने के लिए 27 सितंबर को भी बैंक शाखाएं खोलने का फैसला किया गया है। इसके बाद सोमवार से देशभर में तीन दिन की बैंक हड़ताल शुरू होगी।
28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। यह हड़ताल सोमवार, मंगलवार और बुधवार को होगी। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी है। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।
इसी वजह से रविवार को भी बैंक शाखाओं को सामान्य रूप से संचालित करने का फैसला किया गया है, ताकि ग्राहक हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे कर सकें और उन्हें लगातार छुट्टियों व हड़ताल के कारण परेशानी न उठानी पड़े।
आरबीआई ने 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खोलने की दी मंजूरी
भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की मंजूरी दी थी। इसके साथ ही बैंकिंग सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वित्त मंत्रालय ने भी कहा था कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और हित सरकार की प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील की गई थी। साथ ही जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए कदम उठाने की बात कही गई थी।
अगले हफ्ते सिर्फ दो दिन सामान्य बैंकिंग कामकाज
30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल का आखिरी दिन होगा। इसके बाद 1 अक्टूबर को बैंक सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे और कामकाज होगा। हालांकि, इसके अगले ही दिन यानी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर देशभर के बैंक बंद रहेंगे।
3 अक्टूबर को बैंक दोबारा खुलेंगे, जबकि 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। इस तरह अगले सप्ताह बैंक ग्राहकों को सिर्फ दो दिन सामान्य रूप से बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
