लखनऊ: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बांदा देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 48 से 72 घंटों तक राहत न मिलने की चेतावनी दी है।
बांदा में 48.2 डिग्री, कई शहर 45 पार
मौसम विभाग के अनुसार बांदा में मंगलवार को तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा झांसी में 46.5 डिग्री और प्रयागराज में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के कारण ‘फील्स लाइक’ तापमान 49 डिग्री तक महसूस किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिनभर लू जैसी हवाएं चलती रहीं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
39 जिलों में लू का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बांदा, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी सहित 39 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी मंडलीय, जिला, संयुक्त, शहरी और ग्रामीण अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों को गर्मी से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था, जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण और चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में पेयजल और कूलर की व्यवस्था के निर्देश
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अस्पताल परिसरों में मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल, छाया, पंखे, कूलर और गर्मी से बचाव की अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जरूरत पड़ने पर निजी मेडिकल कॉलेजों और केंद्र सरकार के अस्पतालों से भी समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी जिले में गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या अचानक बढ़ती है तो तत्काल इसकी सूचना शासन और राज्य मुख्यालय को दी जाए, ताकि अतिरिक्त संसाधन समय रहते उपलब्ध कराए जा सकें।
लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार पानी, छाछ, नींबू पानी तथा ओआरएस का सेवन करते रहें।
इसके अलावा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी या गमछे से ढककर रखने और तला-भुना भोजन कम खाने की सलाह दी गई है। चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तुरंत अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।
