DU Admission 2026: आज नहीं भरी कॉलेज-कोर्स की पसंद तो छूट सकता है एडमिशन, यूजी, पीजी, बीटेक और लॉ की पूरी डेडलाइन जानें

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी), बीटेक और पांच वर्षीय एकीकृत विधि पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए विभिन्न चरण जारी हैं। यूजी पाठ्यक्रमों में कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकता भरने के लिए आज, 11 जुलाई, रात 11:59 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार, यूजी प्रवेश के लिए अब तक 1,90,645 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वहीं, सीएसएएस के दूसरे चरण में 1,64,098 अभ्यर्थी कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकताएं दर्ज कर चुके हैं। जिन छात्रों ने अभी तक अपनी पसंद नहीं भरी है, उनके पास यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए केवल आज रात तक का अवसर है।

पीजी तीसरी आवंटन सूची के लिए आज ही करें सीट स्वीकार

दिल्ली विश्वविद्यालय ने दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की तीसरी आवंटन सूची जारी कर दी है। इस सूची में एमएफए, बीपीएड, एमपीएड और संगीत जैसे प्रदर्शन आधारित पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।

इस चरण में कुल 1,765 नए आवंटन किए गए हैं, जिनमें 1,551 सामान्य पाठ्यक्रमों और 214 प्रदर्शन आधारित पाठ्यक्रमों की सीटें शामिल हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार, अब तक 5,848 अभ्यर्थी अपनी सीट फ्रीज कर चुके हैं। चयनित उम्मीदवारों को 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी।

एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में भी बढ़ी छात्रों की रुचि

चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा कर चुके विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। विश्वविद्यालय के मुताबिक अब तक 8,823 छात्रों ने इस पाठ्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।

बीटेक और पांच वर्षीय लॉ में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी

बीटेक कार्यक्रम की दूसरी आवंटन सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। वहीं, पांच वर्षीय एकीकृत विधि पाठ्यक्रम के पहले स्पॉट राउंड की सूची भी जारी हो चुकी है। इस चरण में मेरिट के आधार पर 18 सीटों का आवंटन किया गया है।

छात्रों को विश्वविद्यालय की सलाह

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें। सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी करें और कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकताएं निर्धारित समय सीमा के भीतर भर दें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

Related posts