जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान बवाल, प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस का लाठीचार्ज; कई हिरासत में

नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान सोमवार को जंतर-मंतर पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आह्वान पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की के बाद लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

सुबह से जुटने लगी थी भीड़, पुलिस ने की थी घेराबंदी

सुबह से ही नई दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंचने लगे थे। जंतर-मंतर पर रातभर डटे रहे समर्थक सुबह संसद मार्च की तैयारी में जुटे रहे। वहीं, पुलिस ने तड़के ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी। मौके पर पहुंचे नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सीजेपी प्रतिनिधियों से बातचीत कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

आगे बढ़ने की कोशिश पर बढ़ा तनाव

करीब 10 बजे के आसपास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर संसद की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस घेरा पार कर आगे निकलने में भी सफल रहे। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के पार्लियामेंट स्ट्रीट तक पहुंचने का भी दावा किया गया।

5000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

संसद मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस के अनुसार, 5000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और संसद की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया था कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति जुलूस या पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर कार्रवाई की जाएगी।

सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के संकेत

घटनाक्रम के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत शुरू होने की भी जानकारी सामने आई। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले जाया गया। वहां जाने से पहले उन्होंने मीडिया से कहा कि सरकार के साथ बातचीत चल रही है।

 

Related posts