उन्नाव । बांगरमऊ तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान कुल 65 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सबसे अधिक 36 प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग के आए, जिनमें 3 का निस्तारण हुआ। समाज कल्याण के 3 में 2 का निस्तारण हुआ, जबकि खाद्य एवं रसद के 3, विकास के 10, विद्युत के 3 और अन्य विभागों के 10 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। समाधान दिवस में ग्राम जिरिकपुर के कमलेश ने चकबंदी पैमाइश में गाटा 511 व 512 से 0.041 हेक्टेयर रकबा कम होने, ग्राम रबड़ी के वासुदेव ने वाद संख्या 2306/2023 में 21 जून 2024 को हुए हिस्सा फाड आदेश का क्रियान्वयन न होने की शिकायत की।
वहीं जोगीकोट की नूरजहाँ व रेशमा ने पीएम आवास योजना के तहत मनरेगा मजदूरी दो साल बाद भी न मिलने और गहरपुरवा की विधवा राजरानी ने पट्टे की जमीन पर देवर छोटेलाल द्वारा कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई। समाधान दिवस में तहसीलदार सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
