नई दिल्ली: भारत में होने वाले BRICS Summit 2026 के लिए विदेशी मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। विदेशी प्रतिनिधियों का आगमन 10 सितंबर से शुरू होकर 12 सितंबर तक जारी रहेगा।
सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी समेत कई शीर्ष नेता भारत पहुंचेंगे।
10 सितंबर को ब्राजील के विदेश मंत्री का आगमन
विदेशी मेहमानों के आगमन की शुरुआत 10 सितंबर की रात ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा से होगी। वह रात 9:50 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर पहुंचेंगे।
इसके बाद 11 सितंबर को कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख दिल्ली पहुंचेंगे। इस दिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन देर रात 1:15 बजे एयर फोर्स स्टेशन पालम पहुंचेंगे।
11 सितंबर को इन दिग्गजों का होगा आगमन
11 सितंबर को WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस, AIIB के अध्यक्ष ज़ू जियायी, उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति माटामेला सिरिल रामाफोसा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो भारत पहुंचेंगी।
इसी दिन संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, NDB की अध्यक्ष दिल्मा रूसेफ, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टीमा और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के भी दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।
इसके अलावा UAE के अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर भी 11 सितंबर को भारत पहुंचेंगे।
12 सितंबर को दिल्ली आएंगे शी जिनपिंग
12 सितंबर को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनका आगमन दोपहर 12:25 बजे एयर फोर्स स्टेशन पालम पर होगा। इसी दिन बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग भी दिल्ली पहुंचेंगे।
इसके अलावा बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल लतीफ बिन राशिद अल जायानी, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव और सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद के भी भारत आने का कार्यक्रम है।
किस मेहमान का कब और कहां होगा आगमन
| देश/संस्था | विदेशी मेहमान | आगमन |
|---|---|---|
| ब्राजील | विदेश मंत्री मौरो विएरा | 10 सितंबर, रात 9:50 बजे |
| रूस | राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन | 11 सितंबर, रात 1:15 बजे |
| WHO | डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस | 11 सितंबर, सुबह 4:10 बजे |
| AIIB | अध्यक्ष ज़ू जियायी | 11 सितंबर, सुबह 8:25 बजे |
| उरुग्वे | विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन | 11 सितंबर, सुबह 8:45 बजे |
| दक्षिण अफ्रीका | राष्ट्रपति माटामेला सिरिल रामाफोसा | 11 सितंबर, सुबह 9:05 बजे |
| युगांडा | उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो | 11 सितंबर, सुबह 9:15 बजे |
| संयुक्त राष्ट्र | महासचिव एंटोनियो गुटेरेस | 11 सितंबर, दोपहर 1:25 बजे |
| NDB | अध्यक्ष दिल्मा रूसेफ | 11 सितंबर, दोपहर 2:00 बजे |
| ईरान | राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन | 11 सितंबर, दोपहर 2:00 बजे |
| नाइजीरिया | उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टीमा | 11 सितंबर, दोपहर 2:45 बजे |
| मिस्र | राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी | 11 सितंबर, शाम 5:35 बजे |
| UAE | क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान | 11 सितंबर, शाम 5:50 बजे |
| मलेशिया | प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम | 11 सितंबर, शाम 6:40 बजे |
| इथियोपिया | प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली | 11 सितंबर, शाम 7:30 बजे |
| बुरुंडी | राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये | 11 सितंबर, रात 8:45 बजे |
| इंडोनेशिया | राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो | 11 सितंबर, रात 9:00 बजे |
| फिलीपींस | राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर | 11 सितंबर, रात 10:00 बजे |
| क्यूबा | विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पारिला | 11 सितंबर, रात 10:50 बजे |
| WTO | महानिदेशक डॉ. न्गोजी ओकोंजो-इवेला | 11 सितंबर, रात 11:35 बजे |
| बेलारूस | विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव | 12 सितंबर, सुबह 5:35 बजे |
| वियतनाम | प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग | 12 सितंबर, सुबह 11:05 बजे |
| चीन | राष्ट्रपति शी जिनपिंग | 12 सितंबर, दोपहर 12:25 बजे |
| बहरीन | विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल लतीफ बिन राशिद अल जायानी | 12 सितंबर, दोपहर 3:30 बजे |
| कजाकिस्तान | राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव | 12 सितंबर, शाम 4:10 बजे |
| सऊदी अरब | विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद | 12 सितंबर, रात 9:00 बजे |
दिल्ली में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए नई दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई विदेशी मेहमान एयर फोर्स स्टेशन पालम पहुंचेंगे, जबकि कुछ प्रतिनिधियों का आगमन इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से होगा।
BRICS Summit के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
