पीएम सूर्य घर योजना का बड़ा असर! 12 लाख परिवारों ने बिजली बेचकर कमाए ₹421 करोड़, 19 लाख घरों का बिजली बिल हुआ शून्य

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में रूफटॉप सोलर ऊर्जा को लेकर तेज़ी से विस्तार देखने को मिल रहा है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 12 लाख से अधिक परिवारों ने अपनी जरूरत से ज्यादा उत्पादित बिजली बेचकर कुल 421 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की। वहीं, योजना के तहत करीब 19 लाख परिवारों के बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गए हैं।

12 लाख से अधिक परिवारों ने बिजली बेचकर की अतिरिक्त कमाई

मंत्रालय के मुताबिक, योजना से जुड़े परिवारों ने अपने घरों में लगाए गए रूफटॉप सोलर प्लांट के जरिए आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन किया, जिसे ग्रिड में बेचकर 421 करोड़ रुपये की आय हासिल की। यह प्रति परिवार औसतन करीब 3,500 रुपये की वार्षिक अतिरिक्त कमाई के बराबर है।

जुलाई में बना नया रिकॉर्ड, 5.06 लाख घरों पर लगे सोलर प्लांट

मंत्रालय ने बताया कि जुलाई 2026 में 5.06 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है। इसके साथ ही योजना के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से अब तक 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

योजना के प्रभाव से देशभर में लगभग 19 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे घरेलू बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।

देशभर में 50 लाख से ज्यादा घरों तक पहुंची योजना

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक देशभर में 50.06 लाख से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।

मंत्रालय ने बताया कि योजना शुरू होने के दो वर्ष से कुछ अधिक समय में यह उपलब्धि हासिल हुई है। इसके मुकाबले इससे पहले के 10 वर्षों में देशभर में केवल 7.94 लाख रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए थे।

9 महीनों में 3.2 गुना बढ़ी स्थापना की रफ्तार

मंत्रालय के अनुसार, 75,021 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने की गति में उल्लेखनीय तेजी आई है। पिछले नौ महीनों में स्थापना की रफ्तार 3.2 गुना बढ़ी है।

आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में प्रतिदिन औसतन 5,038 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा रहे थे, जबकि जुलाई 2026 तक यह संख्या बढ़कर 16,328 प्रतिदिन पहुंच गई।

सरकारी भवनों पर भी तेजी से लग रहे सोलर प्लांट

मंत्रालय ने बताया कि योजना के तहत 34,219 पंजीकृत विक्रेताओं का नेटवर्क तैयार किया गया है, जिनमें 29,469 सक्रिय हैं। इसके अलावा 2.32 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

सरकारी भवनों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने की पहल के तहत केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चिन्हित 1.06 लाख सरकारी भवनों पर भी रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।

 

Related posts