CSK पर हार के बाद BCCI की बड़ी कार्रवाई, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ समेत पूरी टीम पर लगा जुर्माना; स्लो ओवर रेट बना वजह

नई दिल्ली: IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली करारी हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ टीम को 89 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा, वहीं अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ समेत पूरी टीम पर जुर्माना लगाकर एक और झटका दे दिया है।

स्लो ओवर रेट के चलते लगा जुर्माना
बीसीसीआई ने चेन्नई सुपर किंग्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट का दोषी पाया है। यह इस सीजन में टीम की दूसरी ऐसी गलती है। इससे पहले भी टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं कर पाई थी। इसी कारण कप्तान पर सख्त कार्रवाई की गई है।

कप्तान पर 24 लाख रुपये का जुर्माना
नियमों के अनुसार, न्यूनतम ओवर गति (Minimum Over Rate) के उल्लंघन पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही टीम के सभी खिलाड़ियों, जिसमें इम्पैक्ट प्लेयर भी शामिल हैं, पर भी आर्थिक दंड लगाया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना तय किया गया है।

CSK का खराब प्रदर्शन, प्लेऑफ से बाहर
इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम ने 14 मैचों में केवल 6 जीत दर्ज की और 12 अंकों के साथ -0.345 नेट रन रेट के कारण प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। यह लगातार तीसरा सीजन है जब चेन्नई की टीम नॉकआउट में जगह बनाने में असफल रही है।

गुजरात के खिलाफ सबसे बड़ी हार
गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रनों की हार चेन्नई सुपर किंग्स के IPL इतिहास की सबसे बड़ी हार साबित हुई है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 229 रन बनाए, जिसके जवाब में CSK की टीम 13.4 ओवर में मात्र 140 रन पर सिमट गई।

धोनी की गैरमौजूदगी खली
इस पूरे सीजन में एमएस धोनी का मैदान पर न दिखना भी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ, क्योंकि वह चोट के चलते एक भी मैच नहीं खेल पाए।

 

Related posts