बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बांदा-बहराइच मार्ग पर मसौली थाना क्षेत्र के बिंदोरा चौराहे के पास मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटा और बेटी की जान चली गई, जबकि 7 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है।
रास्ता पूछने के बाद कार ले रहे थे यू-टर्न
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑल्टो कार में कुल पांच लोग सवार थे। सुबह करीब 11:30 बजे परिवार सड़क किनारे रुककर रास्ता पूछ रहा था। इसके बाद जैसे ही चालक ने कार को यू-टर्न लेने के लिए मोड़ा, उसी दौरान मौरंग से लदे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से कार बुरी तरह पिचकी
हादसा इतना भीषण था कि डंपर की टक्कर से ऑल्टो कार एक तरफ से करीब एक फुट तक पिचक गई। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
चार लोगों की मौत, 7 साल की बच्ची घायल
हादसे में सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटा और बेटी की मौत हो गई। वहीं 7 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
डंपर चालक मौके से फरार
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना मसौली थाना क्षेत्र के बिंदोरा चौराहे के पास हुई।
मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रशासन की ओर से घायल बच्ची के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
