बागपत में बेटियों की शादी में तलवार-कट्टा देने का फरमान

साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई एक अनोखी केसरिया महापंचायत ने आधुनिक समाज को सीधा 16वीं सदी में पटक दिया — लेकिन घबराइए मत, GPS ऑन है, सिर्फ मानसिक यात्रा है।

गौरीपुर मितली गांव में ठाकुर समाज की इस “कट्टा फ्रेंडली” सभा में ये तय हुआ कि अब बेटियों को शादी में सोना-चांदी नहीं, बल्कि कट्टा, तलवार या रिवॉल्वर देना चाहिए।

“सोने से क्या होगा? लुट जाएगी! कट्टा हो तो लुटेरे भागेंगे”

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ठाकुर कुंवर अजय प्रताप सिंह ने मंच से भाषण में कहा:

“बेटी अगर सोना पहनकर निकली तो लूट जाएगी। इसलिए उसे तलवार या कट्टा दो। रिवॉल्वर महंगा लगे तो देसी कट्टा ही दे दो, चल तो वही भी जाता है!”

ब्राइडल एंट्री में अब बैंड-बाजा नहीं, कट्टे की कवर फायर होगी।

बेटियां आत्मनिर्भर बने, तलवार और सेल्फ डिफेंस से लैस हों!

सभा में यह भी सुझाव दिया गया कि बेटियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जाए, जिससे वह शादी के बाद दहेज नहीं, डिफेंस सिस्टम बनें।
यानी अब “स्वर्ण वधू” नहीं, “स्वरक्षित वधू” चाहिए समाज को।

कुछ सदस्यों ने प्रस्ताव में यह भी जोड़ा कि शादी कार्ड पर लिखा जाए – “कृपया उपहार में बारूद ना लाएं, हमारी बेटी पहले से लैस है।”

समाज में सुरक्षा नहीं, सुझाव बदल गए हैं

बेटियों की सुरक्षा को लेकर यह प्रस्ताव अपने आप में दर्शाता है कि समाज सिस्टम में भरोसा छोड़ चुका है। अब सशक्तिकरण का मतलब है – कट्टा पकड़ाना, इंसाफ की आस छोड़ना।

अगर आज डिजिटल इंडिया में बेटियों को डिजिटल पेपर स्प्रे नहीं, बल्कि मैकेनिकल हथियार थमाए जा रहे हैं, तो सोचिए —
आगे चलकर शादी में ड्रोन और ग्रेनेड भी गिफ्ट पैक में हो सकते हैं।

“कट्टा शादी डॉट कॉम” लॉन्च करने का इशारा?

महापंचायत की इस सोच से एक नया सोशल स्टार्टअप निकल सकता है: “ShaadiWithSecurity.com – जहां कन्यादान के साथ आता है एक कमांडो कोर्स फ्री।”

संभावित ऑफर –तलवार विद बैंगल सेट। कट्टा विद मंगलसूत्र। रिवॉल्वर ऑन इंस्टॉलमेंट – केवल शादी के लिए!

समस्या गहरी है, हल…हथियार नहीं हो सकते

बेटियों की सुरक्षा वाकई एक गंभीर मुद्दा है। लेकिन इसका समाधान सिस्टम की मजबूती, शिक्षा और कानूनी सहारे से निकल सकता है – ना कि कट्टों और तलवारों से।

वरना आने वाली पीढ़ी में शादी कार्ड की लाइनें बदल जाएंगी:

“रिवॉल्वर की गूंज के साथ वधू प्रवेश करेंगी, कृपया शांति बनाए रखें।”

Lucknow में ‘हल’ से हल्ला बोल! सपा का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से तकरार

Related posts

Leave a Comment