15 हजार फीट की ऊंचाई से PM मोदी को भेजा था खत! जौनपुर के आशीष ने साझा किया अनोखा अनुभव, प्रधानमंत्री भी हुए प्रभावित

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के युवा आशीष सोनी को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे पोस्ट ऑफिस ‘हिक्किम’ से जुड़ा अनुभव पूछा। आशीष ने बताया कि वहां से प्रधानमंत्री को पत्र भेजना उनके जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक रहा।

हिक्किम पोस्ट ऑफिस से भेजा प्रधानमंत्री को पत्र

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल आशीष सोनी ने बताया कि जब वह 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित हिक्किम पोस्ट ऑफिस पहुंचे तो उन्हें लगा कि मोबाइल नेटवर्क भले ही काम न करे, लेकिन देश कभी भी अपने लोगों से जुड़ाव नहीं खोता।

उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि उन्होंने विशेष रूप से उन्हें एक पत्र लिखा था और इसके माध्यम से युवाओं को देश के नेतृत्व में भागीदारी का अवसर देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

डिजिटल इंडिया की पहुंच का दिया उदाहरण

आशीष ने प्रधानमंत्री को बताया कि इतनी अधिक ऊंचाई और दुर्गम क्षेत्र में भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसकी पहुंच अब देश के सीमावर्ती और दूरदराज के इलाकों तक भी हो चुकी है।

चिचम पुल से बढ़ा पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था

संवाद के दौरान आशीष ने सीमावर्ती क्षेत्र में बने चिचम पुल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस बुनियादी ढांचे के निर्माण से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है और नाइट टूरिज्म को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने ग्रामीणों के बीच प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और दीनदयाल अंत्योदय योजना के प्रति जागरूकता फैलाने के अपने प्रयासों की भी जानकारी दी, जिस पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की।

2.7 लाख युवाओं में चुने गए 403 प्रतिभागियों में मिली जगह

इस कार्यक्रम के लिए पूरे देश में ऑनलाइन क्विज़ आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 2.7 लाख युवाओं ने भाग लिया। मेधा के आधार पर अंतिम रूप से केवल 403 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिनमें जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र के तियरा गांव निवासी आशीष सोनी ने भी स्थान बनाया।

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं आशीष

आशीष सोनी वर्तमान में लखनऊ में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता प्रेम चंद्र सोनी आभूषण व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता गीता सोनी गृहिणी हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस वर्चुअल संवाद को आशीष ने अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।

 

Related posts