नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पारा 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए तेज हवाओं और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है।
पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। पश्चिम बंगाल में 21 से 23 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार इन दिनों मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
बिहार और झारखंड में कई दिनों तक बरसेंगे बादल
आईएमडी के मुताबिक बिहार के कई जिलों में 20 से 26 मई तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं झारखंड में 21 से 26 मई के दौरान लगातार बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा ओडिशा में 22 से 24 मई के बीच गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 21 से 23 मई के बीच कई जगहों पर बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 21 से 24 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और कराईकल में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं तेलंगाना में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
