नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद पर विदेशी फंडिंग के आरोप लगाए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पर निशाना साधा है। दीपके ने आरोप लगाया कि पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटवाने के लिए कथित विदेशी फंडिंग में से जितेंद्र सिंह ने कितना कमीशन लिया? उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर सीजेपी नेताओं को विदेश से पैसा मिल रहा था तो केंद्र सरकार के प्रतिनिधि उनसे बातचीत करने क्यों आए थे?
दीपके ने सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री से पूछा सवाल
अभिजीत दीपके ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए केंद्रीय मंत्री पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटवाने के लिए कथित विदेशी फंडिंग में से जितेंद्र ने कितना कमीशन लिया? आखिरकार, बातचीत करने तो वही आये थे।”
अपनी पोस्ट के साथ दीपके ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका से हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में पार्टी के दूसरे सह-संयोजक सौरभ दास और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी नजर आ रहे हैं।
जितेंद्र सिंह ने अमेरिका और पाकिस्तान से फंडिंग मिलने का किया था दावा
दरअसल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बीते मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं पर विदेशी फंडिंग लेने के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका के दानदाताओं से आर्थिक मदद मिल रही है, जबकि सह-संस्थापक आशुतोष रांका को पाकिस्तान के नेताओं और अन्य आकाओं से पैसे मिल रहे हैं।
जितेंद्र सिंह के मुताबिक, इस धन का इस्तेमाल सरकार विरोधी अभियानों को बढ़ावा देने और लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है।
विदेशी ताकतों और एनजीओ पर भी लगाए थे आरोप
केंद्रीय मंत्री ने अपने बयान में दावा किया था कि देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे तत्वों को भारत के भीतर और बाहर सक्रिय अनधिकृत स्रोतों तथा भारत-विरोधी गैर-सरकारी संगठनों के माध्यम से धन भेजा जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि विदेशी फंडिंग से चलने वाले एनजीओ, डीप स्टेट से जुड़े लोग और भारत-विरोधी ताकतें मिलकर देश के खिलाफ झूठा और भ्रामक नजरिया तैयार करने की कोशिश कर रही हैं। जितेंद्र सिंह ने कहा था कि इन आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
सौरभ दास और आशुतोष रांका ने भी सरकार को घेरा
केंद्रीय मंत्री के आरोपों के बाद सीजेपी के अन्य नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। दीपके की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए सौरभ दास ने लिखा, “अरे भाई, निशाना हम दोनों तरफ भी थोड़ा बांट दीजिए! मुझे डिटॉक्स करने दो! मुझे भूल जाने के लिए धन्यवाद जितेंद्र भाई।”
वहीं, आशुतोष रांका ने भी विदेशी फंडिंग के आरोपों पर सवाल उठाते हुए पूछा, “फिर आप हमसे बातचीत क्यों कर रहे थे?” इससे पहले दीपके ने जितेंद्र सिंह के बयान से जुड़ी एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया था, “और सौरव को???” इसके साथ उन्होंने नोटों के बंडल सिर पर उठाए एक व्यक्ति का मीम भी साझा किया था।
