कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में करवाचौथ के दिन एक अजीब मामला सामने आया। यहां एक युवक की तीन पत्नियों के बीच पहले पूजा करने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि तीनों महिलाएं मंधना पुलिस चौकी पहुंच गईं और पति पर अपना-अपना अधिकार जताने लगीं। पुलिस चौकी में काफी देर तक कहासुनी हुई। समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन बाहर निकलते ही तीनों के बीच फिर सड़क पर विवाद शुरू हो गया। आखिरकार महिलाओं ने आपस में समझौता कर लिया और एक साथ व्रत रखने तथा पूजा करने पर सहमति जताई।
मिली जानकारी के मुताबिक, बिठूर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक की पहली शादी के कई साल बाद भी कोई संतान नहीं हुई थी। इसके बाद उसकी पहली पत्नी ने अपनी ही सहेली से पति की दूसरी शादी करा दी। दूसरी पत्नी से युवक को एक बेटी हुई। इसी बीच युवक ने तीसरी शादी भी कर ली।
करवाचौथ के दिन तीसरी पत्नी भी घर पहुंच गई और पति के साथ सबसे पहले पूजा करने की बात कहने लगी। इसी बात को लेकर तीनों महिलाओं के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि पहले युवक की दो पत्नियां मंधना पुलिस चौकी पहुंचीं, जबकि तीसरी पत्नी बाहर खड़ी रही।
पुलिस के सामने बातचीत के बाद दोनों पत्नियां चौकी से बाहर निकलीं तो तीनों के बीच फिर बहस होने लगी। बीच सड़क काफी देर तक हंगामा चला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाद में तीनों महिलाओं ने खुद ही फैसला कर लिया कि वे एक साथ करवाचौथ का व्रत रखेंगी और पूजा करेंगी। हालांकि, बिठूर इंस्पेक्टर ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया।
प्रेमिका ने प्रेमी के घर जाकर व्रत तोड़ने की पकड़ी जिद
करवाचौथ के दिन कानपुर के मंधना पुलिस चौकी में एक अन्य मामला भी पहुंचा। यहां एक युवती अपने प्रेमी के साथ चौकी पहुंची और उसके घर जाकर व्रत तोड़ने की जिद करने लगी। प्रेमी ने भी युवती को अपने घर ले जाने के लिए पुलिस से सुरक्षा मांगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक बातचीत और पंचायत चली। आखिरकार युवक के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद युवती प्रेमी के घर गई और वहीं अपना व्रत तोड़ा।
बताया गया कि बिठूर के एक मोहल्ले में आमने-सामने रहने वाले युवक और युवती के बीच कई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के नाबालिग होने के कारण परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। इसके बाद दोनों किराये के कमरे में लिव-इन में रहने लगे।
बालिग होने के बाद युवक ने परिवार के सामने युवती से प्रेम विवाह करने की बात रखी, लेकिन परिजनों ने सहमति नहीं दी। गुरुवार को करवाचौथ का व्रत रखने वाली युवती प्रेमी को लेकर मंधना पुलिस चौकी पहुंच गई और उसके घर जाकर व्रत तोड़ने की बात कही। लंबी बातचीत के बाद युवक के परिजन शादी के लिए राजी हो गए।
