LOC पर भारत की बढ़ेगी हवाई सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर में तैनात होगा एक और S-400; फरवरी 2027 तक लगाने की तैयारी

नई दिल्ली: भारत पाकिस्तान सीमा के पास अपनी हवाई सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर में एक और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया जाएगा। इसे भारत का पांचवां ‘सुदर्शन चक्र’ बताया जा रहा है। फिलहाल देश में चार एस-400 प्रणालियां तैनात हैं। प्रस्तावित नई तैनाती से करीब 740 किलोमीटर लंबी सीमा पर निगरानी और हवाई सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पिछले एक दशक में भारत ने पाकिस्तान से लगी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। सीमा पर बाड़बंदी के साथ-साथ हवाई हमलों और मिसाइलों से बचाव के लिए एस-400 जैसे आधुनिक रक्षा सिस्टम तैनात किए गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी एस-400 की भूमिका को अहम बताया गया था। अब जम्मू-कश्मीर में इसकी तैनाती से सीमा के आसपास हवाई खतरों से निपटने की क्षमता बढ़ाने की तैयारी है।

इन राज्यों में पहले से तैनात हैं एस-400 सिस्टम

भारत ने पंजाब, राजस्थान, गुजरात और असम में पहले ही एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं। असम में इसकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश से लगी करीब 1,126 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन के साथ सीमा विवाद बना हुआ है। हालांकि, इस क्षेत्र में गोलीबारी या मिसाइल हमले जैसी घटनाएं नहीं हुई हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी। भारत की सुरक्षा रणनीति में पाकिस्तान के साथ चीन से पैदा होने वाली चुनौतियों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

फरवरी 2027 तक पांचवें एस-400 की तैनाती का लक्ष्य

एक अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि जल्द ही भारतीय वायुसेना की एक टीम रूस जाएगी। इसके बाद फरवरी 2027 तक जम्मू-कश्मीर में एस-400 सिस्टम तैनात करने की तैयारी है।

इसके अलावा भारत आने वाले वर्षों में पांच और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने की योजना पर भी काम कर रहा है। रूस से अनमैन्ड कॉम्बैट एयर सिस्टम, कामिकेज ड्रोन और दूसरे रक्षा उपकरण खरीदने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

पाकिस्तान को आधुनिक हथियार दे रहा चीन

चीन पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन पाकिस्तान को जे-35 लड़ाकू विमान देने की योजना बना रहा है। दूसरी ओर, भारत भी भविष्य की सैन्य जरूरतों को देखते हुए अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में जुटा है।

रक्षा उपकरणों के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए आधुनिक हथियारों का घरेलू उत्पादन शुरू करने और मौजूदा उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

भविष्य के युद्ध को ध्यान में रखकर तैयारी

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आने वाले समय में युद्ध का स्वरूप बदल सकता है और आमने-सामने की पारंपरिक लड़ाई की जगह तकनीक आधारित सैन्य क्षमताओं की भूमिका बढ़ेगी। ऐसे में भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयारी करना जरूरी है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि भारत इस बात से परिचित है कि पाकिस्तान को चीन और तुर्की से सैन्य मदद मिल सकती है। इसलिए भारत को केवल पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि चीन और तुर्की से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों को भी ध्यान में रखते हुए अपनी रक्षा प्रणाली मजबूत रखनी होगी।

Related posts