उन्नाव। बांगरमऊ अवैध वसूली, अभद्रता व मारपीट को लेकर बुधवार को ई-रिक्शा चालकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। आधा सैकड़ा से अधिक चालकों ने जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और अवैध वसूली बंद कराने की मांग की।
नगर के प्रेमगंज निवासी अखिल राज के नेतृत्व में राशिद, मतीन, मुबारक, बउवा, अनीश, विपिन और अतुल समेत चालक संडीला रोड रेलवे क्रॉसिंग से जुलूस लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां चालकों ने नगर पालिका परिषद के ठेकेदारों पर आरोप लगाया कि गरीब रिक्शा चालकों से पर्ची के नाम पर रुपये वसूले जा रहे हैं। पर्ची न बनवाने पर अभद्रता की जाती है। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट और दिव्यांग चालकों के प्रमाणपत्र छीनने का भी आरोप लगाया गया। चालकों का कहना है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कथित अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराकर तत्काल रोक लगाने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों के सभी आरोपों को निराधार बताया है।
