उन्नाव।सपा प्रदेश सचिव नितिन पटेल के नेतृत्व में जुटे दो सांसद, सुनील साजन ने भाजपा पर साधा निशाना; बोले- PDA के रास्ते गठबंधन को आगे बढ़ा रही समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षामंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर रविवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में PDA स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन किया गया। दोपहर करीब दो बजे आयोजित सम्मेलन का नेतृत्व सपा प्रदेश सचिव नितिन पटेल ने किया। कार्यक्रम में प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल और श्रावस्ती के सांसद श्रीराम शिरोमणि वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने के साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास किया गया। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए वक्ताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और सड़कों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दे उठाए। नेताओं ने कहा कि जनता बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से परेशान है और आगामी चुनाव में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव नितिन पटेल ने मुख्य अतिथियों का स्वागत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का स्मृति चिह्न भेंट कर और चांदी का मुकुट पहनाकर किया।
इस दौरान सपा नेता सुनील साजन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी PDA के रास्ते गठबंधन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि उस विचारधारा से है जो पिछड़ों का आरक्षण छीनने और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने का काम करती है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा पार्टी की प्राथमिकता है।
सुनील साजन ने अखिलेश यादव के मंदिर जाने के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम से पहले जमीन के शुद्धिकरण की घटनाओं का जिक्र करते हुए इसे सामाजिक भेदभाव की मानसिकता बताया।
2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन और भाजपा विधायकों के सपा के संपर्क में होने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के कई विधायक संपर्क में हैं, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्पष्ट निर्देश है कि भाजपा के किसी भी नेता को पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा।
वहीं, भगवंतनगर विधानसभा से प्रबल दावेदार माने जा रहे नितिन सिंह पटेल ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने क्षेत्र में सेवा की है। वह भी उसी राह पर चलते हुए जनता की सेवा करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता से आशीर्वाद मांगा।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष अमन अंजुम, जिला महासचिव हेमंत पाल, जिला उपाध्यक्ष हाजी सैय्यद इरफान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
