उन्नाव।नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 22.11.2026 को जनपद उन्नाव की रिजर्व पुलिस लाइन में हवाई हमले की स्थिति में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। उक्त मॉक ड्रिल जिलाधिकारी उन्नाव घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन प्रदीप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।
मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट्स, नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेन्स), फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी/कर्मचारियों तथा नागरिक सुरक्षा वालंटियर्स द्वारा समन्वित रूप से प्रतिभाग किया गया। अभ्यास के दौरान निर्धारित समय पर सायरन/हूटर बजाकर हवाई हमले की चेतावनी एवं ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न की गई। इस दौरान प्रकाश स्रोतों को नियंत्रित करने, सुरक्षित स्थानों एवं शेल्टर की पहचान व उपयोग तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी का अभ्यास कराया गया।
इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति के नियंत्रित प्रबंधन, आग लगने की स्थिति में फायर ब्रिगेड द्वारा त्वरित अग्निशमन कार्यवाही, घायलों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के मध्य संचार एवं समन्वय व्यवस्था की प्रभावशीलता का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। सिविल डिफेन्स वालंटियर्स द्वारा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए अनुशासन एवं संयम बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
अभ्यास के दौरान सभी संबंधित विभागों एवं इकाइयों द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप समयबद्ध, अनुशासित एवं समन्वित ढंग से कार्यवाही की गई। उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मॉक ड्रिल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी प्रतिभागी विभागों, सुरक्षा बलों एवं वालंटियर्स के समन्वित प्रयासों की सराहना की गई।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जनपद में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों, विभागीय समन्वय तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की कार्यक्षमता का सफल परीक्षण किया गया। उन्नाव पुलिस एवं जिला प्रशासन जनसुरक्षा तथा आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
