झांसी। प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित ‘प्राकृतिक आपदाएं एवं प्रबंधन’ विषयक दो दिवसीय चौथे अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में देश-विदेश के वैज्ञानिकों ने आपदा प्रबंधन की चुनौतियों और उनके समाधान पर मंथन किया।
भूविज्ञान विभाग की स्थापना के 27 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह वेबिनार रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेज, रूस एवं डॉ. एस.एन. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
वेबिनार के दूसरे दिन शुक्रवार को अमेरिका की सुषमा काडेल ने आधुनिक तकनीक से चट्टानों के गिरने की घटनाओं के अध्ययन, प्रो. अशोक कुमार सिंह एवं रूस के प्रो. यारोस्लाव सखारोव ने अंतरिक्ष मौसम से मानव स्वास्थ्य और तकनीकी संसाधनों को होने वाले खतरों पर प्रकाश डाला। डॉ. शांतनु सरकार, डॉ. शारदा प्रसाद प्रधान एवं डॉ. इंद्रेश के. पांडे ने हिमालयी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारणों और प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी।
डॉ. काशिफ इमदाद ने आपदा प्रबंधन में भू-स्थानिक तकनीक, डॉ. द्रौपदी यादव ने जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न आपदाओं एवं प्रकृति आधारित समाधान, प्रो. आशा लता सिंह ने हरित प्रौद्योगिकी तथा प्रो. मीनल मिश्रा ने आपदा प्रबंधन में दूरस्थ शिक्षा की भूमिका पर विचार रखे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. सी.एस. दुबे ने प्राकृतिक आपदाओं के कारणों, प्रभावों और उनके न्यूनीकरण की रणनीतियों पर व्याख्यान दिया। वेबिनार के संयोजक एवं भूविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह ने सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सह-संयोजक प्रो. राम औतार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। वेबिनार में देश-विदेश के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं शोधार्थियों ने सहभागिता की।
