उन्नाव। बांगरमऊ श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अष्टम दिवस कंस वध लीला का मंचन किया गया। लीला देखते ही पूरा पंडाल राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।


लीला में दिखाया गया कि भगवान कृष्ण के जन्म से ही कंस आकाशवाणी सुनकर भयभीत था कि देवकी का आठवां पुत्र ही उसका काल बनेगा। कंस ने अक्रूर जी को भेजकर कृष्ण और बलराम को मेला देखने के बहाने बुलाया और यमुना तट पर ठहराया। उसने धोबी को दोनों बालकों को मारने को कहा, लेकिन भगवान कृष्ण ने धोबी को ही मार गिराया। यह सुनकर घबराए कंस ने द्वार पर कुवलयापीड़ हाथी को खड़ा कर दिया। जिसे कृष्ण-बलराम ने मार डाला।

आगे बढ़ने पर कुब्जा ने चंदन लगाया तो भगवान ने उसे सुंदर रूप दिया और माली ने माला पहनाई तो उसे भक्ति प्रदान की। कंस ने शिव का धनुष रखवाया।जिसे कृष्ण ने तोड़ दिया। तब कंस को निश्चय हो गया कि यही नारायण का अवतार है। अंत में पहलवानों को मारते हुए कृष्ण-बलराम सिंहासन पर पहुंचे और कंस के केश पकड़कर जमीन पर पटककर उसका वध कर दिया।


लीला के प्रारंभ में वरुण शंकर शुक्ला ने पूजन कर शुभारंभ किया। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष इजहार खान गुड्डू, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार और भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप कटियार ने पूजन-अर्चन किया।


इस अवसर पर मथुरा से आए व्यास स्वामी नंदकिशोर शर्मा, प्रेम शर्मा, राधा-कृष्ण, समिति अध्यक्ष प्रज्वल शर्मा, वरिष्ठ संरक्षक सुधीर कुमार मिश्रा को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार फजलुर्रहमान व जमीर खान को भी सम्मानित किया गया। भक्तों को भगवान के कैलेंडर वितरित किए गए। इस दौरान भाजपा नेता कुलदीप कटियार में कहा कि श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला महोत्सव में आकर मन आनंद से भर गया। यह लीला केवल मनोरंजन नहीं, हमारे संस्कारों की पाठशाला है।


विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि भगवान कृष्ण ने हमें सिखाया है कि अधर्म कितना भी बड़ा क्यों न हो, धर्म की विजय निश्चित है। कंस वध यही संदेश देता है कि अत्याचार और अहंकार का अंत अवश्य होता है।सपा नेता वरुण शंकर शुक्ला ने कहा कि आज के युवाओं को कृष्ण के जीवन से कर्म, भक्ति और धर्म की प्रेरणा लेनी चाहिए। ऐसी लीलाएं हमारी संस्कृति को जीवित रखती हैं।


नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के पूर्व अध्यक्ष इजहार खान गुड्डू ने कहा कि मैं समिति के सभी सदस्यों को इस सुंदर आयोजन के लिए बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि आइए, हम सब भगवान कृष्ण के आदर्शों पर चलने का संकल्प लें।


कृष्णा महोत्सव में मनीष त्रिपाठी, पप्पू त्रिवेदी, सुधांशु अग्निहोत्री, उपेंद्र अवस्थी, कृष्णकांत श्रीवास्तव, ओम नारायण श्रीवास्तव, चौधरी अनूप आदि सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। लीला समाप्ति पर संजीव शुक्ला व रामू शुक्ला ने आरती उतारी।

Related posts