प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन पर भारत, रूस और बोत्सवाना के भूवैज्ञानिकों ने किया मंथन…….

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में हर्षोल्लास से मनाई गई महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती, भाषण प्रतियोगिता में करिश्मा राजपूत रहीं प्रथम

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में गुरुवार को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम, त्याग एवं बलिदान का स्मरण किया।


कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य का स्मरण करते हुए सुभद्रा कुमारी चौहान की प्रसिद्ध कविता की पंक्तियों के माध्यम से उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा–
दिखा गई पथ, सिखा गई हमको जो सीख सिखानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।


कार्यक्रम संयोजक, कला संकाय के अधिष्ठाता एवं हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पुनीत बिसारिया ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की काव्य पंक्तियों के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य एवं बलिदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा–
अर्पित करता है श्रद्धांजलि शतक उन्हें सम्पूर्ण देश,
लिखा जिन्होंने निज शोणित से नव स्वराज्य का श्रीगणेश।
जूझे नहीं अकेले नर ही धारण करके समर वेश,
लक्ष्मीबाई सी नारी भी दान दे गई बलि विशेष।


कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में करिश्मा राजपूत ने प्रथम, प्रदीप कुमार ने द्वितीय तथा नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


इस अवसर पर कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक राज बहादुर, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, प्रो. देवेंद्र कुमार भट्ट, प्रो. सौरभ श्रीवास्तव, प्रो. अर्चना वर्मा, प्रो. पूनम पुरी, प्रो. विनीत कुमार, प्रो. ममता गौड़, डॉ. संदीप कुमार सिंह, डॉ. सुनील त्रिवेदी, डॉ. शिप्रा सक्सेना, डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी, डॉ. नवीन चंद पटेल, डॉ. बिपिन प्रसाद, डॉ. विजय यादव, डॉ. एपीएस गौड़, डॉ. प्रियंका चौहान, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. प्रेमलता, डॉ. सुधा दीक्षित, अतीत विजय, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. द्युति मालिनी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी ने किया तथा डॉ. बिपिन प्रसाद ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts