श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट को बुधवार देर रात दफना दिया गया। उसका अंतिम संस्कार रात करीब 10 बजे घर से लगभग 160 किलोमीटर दूर कुपवाड़ा जिले की बंगस घाटी के एक गांव में किया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। परिजनों को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार करने की अनुमति दी गई, लेकिन फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक थी।
लतीफ का परिवार कुपवाड़ा जिले के ख्रेवान गांव में रहता है। अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को बंगस घाटी ले जाया गया। आतंकियों के शव परिवार को न सौंपने की सरकारी नीति के तहत उसे सार्वजनिक रूप से दफनाने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम विदाई दी गई। इस नीति का उद्देश्य आतंकियों के सार्वजनिक अंतिम संस्कार और उनके महिमामंडन को रोकना है।
अंतिम संस्कार में परिवार के आठ पुरुष शामिल हुए
लतीफ भट के परिजनों ने अंतिम संस्कार की पुष्टि की है। उसके मामा मोहम्मद अल्ताफ के मुताबिक, अंतिम संस्कार धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। परिवार के सदस्यों को कब्रिस्तान तक ले जाने से पहले करीब 10 किलोमीटर दूर ही उनके मोबाइल फोन ले लिए गए थे।
अल्ताफ ने बताया कि अंतिम संस्कार में लतीफ के पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई मौजूद थे। इस तरह परिवार के कुल आठ पुरुषों ने अंतिम विदाई दी। परिजनों को तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी गई।
आतंकियों के शव परिवार को नहीं सौंपने की क्या है नीति?
केंद्र सरकार की नीति के तहत मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। इसके पीछे सार्वजनिक अंतिम संस्कार के दौरान भीड़ जुटने और आतंकियों के महिमामंडन की आशंका को रोकना बताया जाता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में इस नीति का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि अब जहां भी कोई आतंकवादी मारा जाता है, उसे वहीं दफना दिया जाता है। उनके मुताबिक, आतंकियों के सम्मान में अंतिम संस्कार के जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाती।
तिहाड़ जेल में दफनाए गए थे अफजल गुरु और मकबूल भट
आतंकियों के शवों को लेकर पहले भी इसी तरह की व्यवस्था अपनाई गई है। संसद हमले के मामले में दोषी ठहराए गए अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल परिसर में ही दफना दिया गया था। उसकी कब्र जेल के उस हिस्से में बनाई गई थी, जहां कैदियों के जाने की अनुमति नहीं थी।
इससे पहले 1984 में फांसी दिए गए मकबूल भट को भी तिहाड़ जेल में ही दफनाया गया था। उसकी कब्र भी जेल परिसर में मौजूद है।
कुलगाम मुठभेड़ में मारा गया था लश्कर का कमांडर
लतीफ भट बुधवार को कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। वह लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर था। केंद्र सरकार के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में वह इस आतंकी संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था।
बताया गया है कि लतीफ पिछले सप्ताह सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने उसे मार गिराया था।
