उन्नाव/ दीपावली के पावन पर्व पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने लोकनगर स्थित पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सपूत अमर शहीद अजीत आजाद एवं कब्बा खेड़ा निवासी अमर शहीद शशिकांत तिवारी के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर शहीद परिवारों को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित की।
सदर विधायक ने दोनों वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि वीर सपूतों के बलिदान के कारण ही हम सभी सुरक्षित वातावरण में पर्व और त्योहार मना पा रहे हैं। शहीद परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। राष्ट्र सदैव अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा।
