दीपावली के पावन पर्व पर उन्नाव पुलिस ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों एवं उनके परिवारों के साथ साझा की खुशियां, मिष्ठान एवं उपहार भेंट कर दी पर्व की शुभकामनाएं

उन्नाव।दीपावली के पावन एवं हर्षोल्लासपूर्ण पर्व के अवसर पर जय प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव, श्रीमती नीतू सिंह, जनपदीय अध्यक्षा वामा सारथी, श्री आयुष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं श्रीमती विनी सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा थाना कोतवाली सदर क्षेत्रांतर्गत करोवन गांव में झुग्गी-झोपड़ियों में निवास करने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों से आत्मीय भेंट की गई।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं वामा सारथी की अध्यक्षा द्वारा बच्चों एवं उनके परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए सभी को मिष्ठान एवं गिफ्ट हैंपर वितरित किए गए तथा उन्हें दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनके उत्साह ने इस अवसर को और भी खास बना दिया। इस पहल के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पर्व की खुशियां पहुंचाने, जरूरतमंद परिवारों के साथ आत्मीयता एवं अपनत्व का भाव साझा करने तथा बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने का संदेश दिया गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संवाद कर उन्हें अपनेपन का एहसास कराया और दीपावली के इस पावन अवसर को उनके लिए यादगार बनाया।

उन्नाव पुलिस का यह प्रयास पुलिस एवं आमजन के बीच आपसी विश्वास, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्नाव पुलिस जनसेवा, मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।

Related posts