आगामी पर्व और त्यौहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न कराए जाने हेतु जिलाधिकारी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश

** ग्रामीण क्षेत्र में आतिशबाजी के भंडारण की करें जांच, अवैध भंडारण एवं विक्रय पर होगी सख्त कार्रवाई

** पटाखों के अवैध भंडारण की दें जानकारी, पटाखों के क्रय-विक्रय हेतु लाइसेंस एवं फायर टेंडर के पर्याप्त इन्तजाम किए जाने के निर्देश

** दीपावली पर्व के दृष्टिगत दो-तीन दिन पूर्व एवं बाद तक सीएचसी/पीएचसी में चिकित्सकों की उपलब्धता की जाए सुनिश्चित, इमरजेंसी 24×7 होगी संचालित

** किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलम्ब किए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे, संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें

** नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में हर दिन सायंकाल पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करें, पी0आर0वी0 112 एक्टिव रहे

** त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखी जाए, पर्व व त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई तेज की जाए
‌
झांसी।जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में दीपावली सहित आने वाले पर्वों को शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने हेतु आयोजित बैठक में अध्यक्षता करते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, सतत संवाद से जनपद में सभी पर्व व त्योहार शांति और सौहार्द पूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहे हैं। रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा, दशहरा और श्रावणी मेले सहित ईद, बक़रीद, बरावफ़ात, मुहर्रम आदि पर्वों पर जनपद में सुखद माहौल रहा। उन्होंने कहा कि बेहतर टीमवर्क और जनसहयोग का यह क्रम सतत जारी रखा जाए।आगामी पर्व और त्योहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता बरती जाने के निर्देश।


जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी आगामी दीपावली पर्व के सुचारु आयोजन और आम जन को बेहतर यातायात व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभ उपलब्धता आदि महत्वपूर्ण विषयों के सम्बन्ध में पुलिस/जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, अयोध्या दीपोत्सव, वाराणसी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहार हैं। इस बार त्योहारों में लोगों में अधिक उल्लास है। कानून व्यवस्था के दृष्टिगत इस संवेदनशील समय में पूरी सतर्कता और सावधानी बरती जाए।


त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार कर लें और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाजार आने वाले लोगों को अत्यधिक ट्रैफिक की वजह से असुविधा न हो। उन्होंने सड़क किनारे स्थायी रूप से बिक्री कर रहे दुकानदारों पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

हर दिन सायंकाल व्यस्ततम बाजारों तथा आवासीय कॉलोनियों में पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करें साथ ही पी0आर0वी0 112 एक्टिव रहे। पर्व और त्योहारों के इस उल्लासपूर्ण माहौल में लोगों के आवागमन में बढ़ोत्तरी स्वाभाविक है। बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग खराब हालत वाली बसों को सड़क पर कतई न चलने दें।


शांतिपूर्ण त्योहारों के आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि दीपावली के लिए पटाखों की दुकानों व गोदामों को आबादी से दूर होना सुनिश्चित कराए जाने व पटाखों की बिक्री हेतु जारी लाइसेंस को। दुकान पर डिस्प्ले किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इन्तजाम किए जाएं, मुख्य शमन अधिकारी को अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी होने पर तत्काल कार्रवाई शुरू करने ताकि दुर्घटना पर जल्द काबू पाया जा सके। पटाखे बिक्री के दौरान पुलिस बल की सक्रियता भी बनी रहे। पटाखों की दुकान खुले स्थान पर हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने लाइसेंसी विक्रेताओं के भी जांच के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छोटी सी घटना लापरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। त्वरित कार्यवाही और संवाद सम्पर्क अप्रिय घटनाओं को संभालने में सहायक होती है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलम्ब किए, वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें। उन्होंने कहा कि थाना, सर्किल, जिला स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में समाज के प्रतिष्ठित जनों के साथ संवाद बनाएं। लोगों के लिए सकारात्मक संदेश जारी कराएं। मीडिया का सहयोग लें, ताकि शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे। पर्व और त्योहार खुशियों का अवसर होते हैं। हर व्यक्ति उल्लास, उमंग और आह्लाद में होता है। ऐसे में शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं। इसके दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी सावधानी व सतर्कता बरतें।


जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व और त्योहारों के बीच ग्रामीण हो या शहरी क्षेत्र, पर्व/त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखी जाए, अनावश्यक कटौती की शिकायत न आए। इसकी नियमित समीक्षा की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विशेष रूप से खाद्य पदार्थों की जाँच अवश्य की जाए, खाद्य वस्तुओं में मिलावट आमजन के जीवन से खिलवाड़ है। ऐसी प्रवृत्ति को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पर्व, त्योहारों के दृष्टिगत अभिहित अधिकारी खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई तेज की जाए। मिलावटी खाद्य पदार्थों के बिक्री की हर शिकायत पर तत्काल कार्यवाही हो। उन्होंने मिशन रूप में निरीक्षण किए जाने के और मिलावटखोरों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


बैठक में जिलाधिकारी ने सतर्क करते हुए कहा कि गांव के मध्य गुजरने वाली सड़कों पर वाहन तेज गति से कतई न चले।इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने खनिज अधिकारी को भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि भारी वाहन किसी भी दशा में तेज गति से न चलें ताकी होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हर सी0एच0सी0 व पी0एच0सी0 पर चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और 24×7 इमरजेंसी संचालित हो। जहां डॉक्टर जरूरी हों वहां अविलम्ब चिकित्सक तैनात किए जाएं।


इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, एसपी नगर प्रीति सिंह, एसपी ग्रामीण डाॅ अरविन्द कुमार, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, एसीएम संजय कुमार,सीएफओ आर के राय, डीपीआरओ डॉ0 बाल गोविन्द श्रीवास्तव, डीआइओएस रती वर्मा,आतिशबाजी एसोसिएशन से तरुण जुनेजा, अतुल गुप्ता’लकी’, सजल जैन ‘चेनू’ सहित विद्युत विभाग, जल संस्थान, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts