लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दिवाली के बीच बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए एक ईमेल में अयोध्या, काशी और मथुरा में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की चेतावनी दी गई है। मेल में स्कूलों को भी आगाह किया गया है कि इस अवधि में बच्चों को स्कूल न भेजें।
अयोध्या और अंबेडकर नगर के स्कूलों को मिला धमकी भरा ईमेल
सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या में आईसीएसई बोर्ड से संचालित एक स्कूल को यह धमकी भरा ईमेल मिला है। इसके अलावा अंबेडकर नगर के दो स्कूलों को भी इसी तरह के मेल भेजे गए हैं। ईमेल में बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए 8 से 27 नवंबर के बीच उन्हें स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है।
धमकी भरे मेल में 1984 के दंगों का भी जिक्र
ईमेल में 1984 के दंगों का उल्लेख करते हुए ‘खून का बदला खून’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। मेल भेजने वालों ने सिख नक्सली कार्रवाई करने की बात कही है। साथ ही 8 से 27 नवंबर के बीच धमाकों की धमकी दी गई है। अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात भी कही गई है।
साइबर सेल और यूपी ATS ने शुरू की जांच
धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद अयोध्या की साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश एटीएस को भी मामले की जांच में लगाया गया है। एजेंसियां ईमेल भेजने वालों की पहचान करने और धमकी के पीछे सक्रिय लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।
जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल भेजने के लिए किस नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया और इस धमकी के पीछे किसका हाथ है।
