जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में प्रगणकों को दी गई विस्तृत जानकारी

बांगरमऊ,उन्नाव।भारत की जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के सभागार में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों को जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी जा रही हैं। साथ ही उन्हें जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि जनगणना की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तीन प्रमुख चरणों में पूरा किया जाएगा।

इसके अंतर्गत सबसे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को स्वयं अपनी और अपने परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारियां दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना का मुख्य कार्य संपन्न कराया जाएगा। इस अवधि में नियुक्त गणना कर्मी घर-घर पहुंचकर परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

प्रगणकों को बताया गया कि इस दौरान प्रत्येक मकान और परिवार तक पहुंचना तथा निर्धारित प्रारूप में सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।


वहीं, जनगणना के पुनरीक्षण चरण के अंतर्गत 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक छूट गए व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य विवरणों का सत्यापन करने का कार्य किया जाएगा, जिससे जनगणना से संबंधित सूचनाओं को व्यवस्थित एवं पूर्ण किया जा सके।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर प्रमोद कुमार सिंह, गौरव कुमार एवं जितेंद्र बहादुर यादव ने प्रगणकों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, निर्धारित समय-सीमा और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े और जानकारियां एकत्र की जाती हैं, जिनका उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में किया जाता है।

प्रशिक्षकों ने प्रगणकों को समझाया कि घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करते समय नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखें और प्रत्येक परिवार से आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की जानकारी दर्ज करते समय जल्दबाजी न करें, बल्कि उसकी शुद्धता पर विशेष ध्यान दें। इस प्रशिक्षण में आधा सैकड़ा से अधिक प्रगणक उपस्थित रहे। सभी को जनगणना से संबंधित कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया गया, ताकि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनगणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।

Related posts