लखनऊ के सआदतगंज में फिर खूनी वारदात, फोन कर घर से बुलाया और बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर दूध विक्रेता की हत्या

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। हाल ही में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर के बाद अब 25 वर्षीय दूध विक्रेता रेहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले फोन करके उसे घर से बाहर बुलाया और फिर बीच सड़क पर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।

फोन कर घर से बुलाया, फिर अचानक चाकुओं से किया हमला

जानकारी के मुताबिक, सआदतगंज निवासी 25 वर्षीय रेहान दूध बेचने का काम करता था। रविवार को किसी व्यक्ति ने उसे फोन करके घर से बाहर बुलाया था। जैसे ही वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, हमलावरों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा रेहान, वीडियो से फैली दहशत

हत्या की इस वारदात का वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक युवक खून से सने कपड़ों में भागता दिखाई दे रहा है, जबकि रेहान सड़क पर गिरा नजर आ रहा है। घटना के दृश्य सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ट्रिपल मर्डर के बाद फिर सआदतगंज में हत्या से उठे सवाल

गौरतलब है कि सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में कुछ दिन पहले हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे लखनऊ को झकझोर दिया था। उस मामले में पूर्व मर्चेंट नेवी अधिकारी ऋषभ शुक्ला पर पार्किंग और चबूतरे के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। अब इसी इलाके में दूध विक्रेता की सरेराह हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related posts