बाराबंकी के देवा मेले पर बारिश का कहर, झूले बंद और पशु बाजार में कारोबार ठप, लगातार दूसरे दिन नहीं हुआ दंगल

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक देवा मेले की रौनक पर लगातार हो रही बारिश ने पानी फेर दिया है। शुक्रवार भोर से शुरू हुई बारिश का असर शनिवार को भी देखने को मिला। मेला परिसर में जलभराव और कीचड़ के कारण झूले बंद रहे, जबकि घोड़ा-भैंस बाजार में खरीद-फरोख्त पूरी तरह प्रभावित हुई। इतना ही नहीं, लगातार दूसरे दिन दंगल प्रतियोगिता भी आयोजित नहीं हो सकी। बारिश के चलते जहां जायरीनों और मेले में पहुंचे परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा।

जलभराव और कीचड़ से जायरीन परेशान, पार्किंग में भी दिक्कत

शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शनिवार को भी मुख्य बाजार, मेला परिसर के रास्तों और पार्किंग स्थलों पर पानी जमा रहा। कई स्थानों पर कीचड़ फैलने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। पार्किंग में वाहन खड़े करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जायरीनों को जलभराव और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जिससे मेले की सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं।

झूले बंद होने से बच्चों और परिवारों को हुई मायूसी

बारिश और मेला परिसर में फैली कीचड़ के कारण झूला संचालकों को अपना कारोबार बंद रखना पड़ा। झूले बंद रहने से मेले में पहुंचे बच्चों और उनके परिवारों को निराशा हाथ लगी। बारिश के चलते मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां भी ठप रहीं और मेले की रौनक पहले जैसी नजर नहीं आई।

घोड़ा-भैंस बाजार में कारोबार ठप, खरीदारों का इंतजार करते रहे व्यापारी

बारिश का सबसे ज्यादा असर घोड़ा-भैंस बाजार पर पड़ा। दूर-दराज के इलाकों से पशु लेकर पहुंचे व्यापारियों को खरीदारों का इंतजार करना पड़ा। जलभराव और कीचड़ के कारण पशुओं की खरीद-फरोख्त प्रभावित हुई और बाजार में कारोबार लगभग ठप हो गया। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

लगातार दूसरे दिन अखाड़े में नहीं उतरे पहलवान

देवा मेले में होने वाली दंगल प्रतियोगिता भी बारिश की भेंट चढ़ गई। मैदान में नमी और कीचड़ जमा होने के कारण पहलवान अखाड़े में नहीं उतर सके। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दंगल के मुकाबले आयोजित नहीं किए गए। इससे कुश्ती देखने पहुंचे दर्शकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।

जलनिकासी में जुटे नगर पंचायत के कर्मचारी

मेला परिसर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पंचायत देवा के कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। पानी निकालने के लिए पंप और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है। साथ ही रास्तों को दुरुस्त करने का काम भी जारी है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण इन प्रयासों के बावजूद मेले की चहल-पहल प्रभावित बनी हुई है।

Related posts