शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कराई निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत

उन्नाव/ परम श्रद्धेय अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक एनएच-31, गौरी बीघापुर, उन्नाव में आयोजित हो रही श्री शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता द्वारा निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण सिंह जी के आयोजन में हो रही इस दिव्य एवं भव्य कथा में क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालु सुगमतापूर्वक पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की अमृतमयी कथा का श्रवण कर सकें, इसी उद्देश्य से विधायक ने यह सेवाभावी पहल की है।


इसी क्रम में गांधी नगर तिराहा, उन्नाव पर स्थापित निःशुल्क बस सेवा कैंप का सदर विधायक पंकज गुप्ता के सुपुत्र प्रखर गुप्ता ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई। प्रखर गुप्ता ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर कथा स्थल के लिए रवाना किया।


इस दौरान प्रखर गुप्ता ने कहा कि श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसी भावना के साथ सदर विधायक पंकज गुप्ता द्वारा निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है। भगवान भोलेनाथ की कृपा से आयोजित इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक श्रद्धालु सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त करें, यही हमारी कामना है।
उल्लेखनीय है कि निःशुल्क बस सेवा प्रतिदिन गांधी नगर तिराहा, उन्नाव से प्रातः 11 बजे कथा स्थल के लिए रवाना होगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपराह्न 4 बजे से वापसी की व्यवस्था भी रहेगी। कथा आयोजन की पूरी अवधि में यह सेवा निरंतर उपलब्ध रहेगी।


अंत में समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे इस पावन अवसर पर श्री शिव महापुराण कथा में सम्मिलित होकर भगवान भोलेनाथ की महिमा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
हर-हर महादेव!

Related posts