बंदियों के हाथों बने दीयों से जगमगाएगी अयोध्या, उन्नाव जेल से भेजे जाएंगे 5000 दीये और 5 किलो घी

उन्नाव। दीपावली के अवसर पर अयोध्या में रोशनी के लिए उन्नाव जिला जेल के बंदियों द्वारा तैयार किए गए 5000 मिट्टी के दीये भेजे जाएंगे। दीयों के साथ जेल की गौशाला में पल रही कालिंदी नामक गाय के दूध से तैयार करीब पांच किलो घी भी अयोध्या भेजा जाएगा। बता दे कि जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि दीये तैयार करने के लिए बाहर से मिट्टी मंगाई गई है। इस कार्य में छह बंदी लगे हुए हैं, जो चाक की मदद से मिट्टी के दीये बना रहे हैं।

दीपावली के मद्देनजर 5000 दीये अयोध्या भेजने की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि जिला जेल परिसर में गौशाला भी संचालित है, जहां कई गायें हैं और कुछ दूध देती हैं। कालिंदी नामक गाय के दूध से लगभग पांच किलो घी तैयार किया गया है।

इस घी को भी दीयों के साथ अयोध्या भेजा जाएगा। दीपावली पर अयोध्या के लिए बंदियों के हाथों से तैयार दीये और गौशाला में बनी घी की यह खेप जेल में संचालित गतिविधियों और बंदियों के श्रम को सामने लाती है।

Related posts