उन्नाव। कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ विरोध प्रदर्शन को लेकर बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता तन्मय श्रीवास्तव ने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले से कम से कम 25 लोगों को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचाया जाए, ताकि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के आंदोलन को मजबूती मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान सरकार को सत्ता से हटाना है तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। बता दे की तन्मय श्रीवास्तव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और देश को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से उसी शाम तक प्रतिभागियों की सूची भेजने के निर्देश दिए।
कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ के उन्नाव जिलाध्यक्ष शाश्वत बाजपेई ने बताया कि प्रदेश महासचिव के निर्देशों के अनुपालन में उन्नाव और शुक्लागंज से नगर अध्यक्ष पिंटू तिवारी के नेतृत्व में कम से कम 25 लोग दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष शाश्वत बाजपेई, सुरेंद्र कुमार, विजय, पिंटू तिवारी, सुशील, अनुपम, रेखा और डेजी निगम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
