उन्नाव। उन्नाव रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य जून 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नॉर्दर्न रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) राजेश पांडे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
जीएम ने निर्माण कार्य की स्थिति को संतोषजनक बताते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और महिला प्रतीक्षालय के नवीनीकरण पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद बातचीत में जीएम राजेश पांडे ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास का काम चल रहा है। फिलहाल आधी बिल्डिंग का निर्माण काफी आगे बढ़ चुका है। इसके पूरा होने के बाद दूसरी तरफ का काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जून 2027 तक स्टेशन के पुनर्विकास का काम पूरा हो सकता है।
इसके लिए रेलवे की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। जीएम ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आती रहती हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण की गुणवत्ता उच्च स्तर की बनी रहे। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी रेलवे की प्राथमिकता है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं से जुड़ी कुछ कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीएम ने महिला प्रतीक्षालय का नवीनीकरण कराने को कहा। उन्होंने बताया कि यात्रियों और आम लोगों के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों व सुझावों पर भी रेलवे ध्यान दे रहा है। सुविधाओं में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। नेपाली यात्री की मौत के मामले में पुलिस से लेंगे जानकारी।
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर जीएम ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ है। हालांकि, पत्रकारों ने हाल में नेपाली यात्री पुष्कर के साथ ट्रेन में मारपीट और जीआरपी हिरासत से जुड़े घटनाक्रम के बाद कानपुर में उसकी मौत का मामला उठाया। इस मामले में जांच और कार्रवाई की स्थिति पूछे जाने पर जीएम ने कहा कि संबंधित कार्रवाई पुलिस की ओर से की जा रही है। वह पुलिस से मामले का विवरण लेकर उपलब्ध कराएंगे।
