सैकड़ों वर्षों की धार्मिक आस्था के प्रतीक भरत मिलाप मैदान में हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण

प्रभु श्रीराम-भरत मिलाप की पावन परंपरा से जुड़े मैदान में रोशनी, श्वेता भानू मिश्रा ने किया हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण

उन्नाव। नगर के पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल भरत मिलाप मैदान में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद् उन्नाव द्वारा अधिष्ठापित हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया गया। लंबे समय से प्रकाश व्यवस्था की कमी से जूझ रहे इस मैदान में हाईमास्ट लाइट लगने से अब परिसर रोशनी से जगमगा उठा है।

स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इस ऐतिहासिक मैदान में विगत सैकड़ों वर्षों से मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और उनके अनुज भरत के पावन मिलन की परंपरा जुड़ी हुई है। यही वजह है कि यह मैदान नगरवासियों की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। ऐसे पौराणिक स्थल पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होने से क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता का माहौल है।

हाईमास्ट लाइट के लोकार्पण से वर्षों से उपेक्षित इस मैदान को नई रोशनी मिली है। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण के अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भव्य स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने मैदान में प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान गिरिजेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रभु से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

नगर के पौराणिक स्थलों का संरक्षण, धार्मिक विरासत को संजोना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना नगर के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू है। भरत मिलाप मैदान में हाईमास्ट लाइट की स्थापना से क्षेत्र की एक पुरानी आवश्यकता पूरी हुई है और इस ऐतिहासिक स्थल की रौनक भी बढ़ी है।
इस अवसर पर सभासद अराफात बेग, नरेश मिश्रा, सुरेंद्र शुक्ला, सतीश द्विवेदी एडवोकेट, करुणा शंकर तिवारी, सतीश चंद्र मिश्रा, सुनील शुक्ला एवं नवीन तिवारी सहित कंचन वर्मा, मीना देवी, रजनी यादव, सपना कश्यप, रेनू कश्यप, लक्ष्मी सोनी एवं माला सविता समेत अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related posts