यूपी के बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार; 5 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग पड़ोसी कासगंज जिले के रहने वाले थे।

नरोरा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे नरोरा थाना क्षेत्र में हुई। तेज रफ्तार ईको कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।

तीन घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया

हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के एक अस्पताल में भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related posts