उन्नाव । डी.एस.एन. पीजी कॉलेज, उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान एवं विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2026-27 के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय युवा उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव एवं शिक्षकगण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और उनकी प्रतिभा, कला एवं रचनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की भावना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों से आए वरिष्ठ शिक्षकगण, कलाकारों एवं रचनाकारों को पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी अनिल कुमार, अवधेश, डॉ. विपिन सिंह, डॉ. वी.एन. गुप्ता सहित कॉलेज के अन्य शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
