नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने वर्चुअल उद्घाटन किया—

उन्नाव। बांगरमऊ संडीला रोड स्थित आरएस चौराहा के निकट नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का शुक्रवार को स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने वर्चुअल उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजित समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया।


समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस नए भवन के बनने से क्षेत्र के लोगों को संपत्ति पंजीकरण और अन्य संबंधित कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सभी कार्य एक ही छत के नीचे पारदर्शी तरीके से होंगे।


उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं देना ही विकास की असली पहचान है। सरकार सड़क, बिजली, पानी और कार्यालयों के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति का काम समयबद्ध और सम्मान के साथ किया जाए। नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है।जिससे अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

मालूम हो कि अभी तक उप निबंधक कार्यालय तहसील परिसर में ही संचालित हो रहा था। कार्यक्रम में लेखक खालिद खान, सुशील कुमार, आफाक हुसैन, मलखान यादव, राजेश लोधी, सुशील यादव व श्री नारायण मिश्र आदि के आलावा जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। अंत में उप निबंधक रश्मि प्रभा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Related posts