लखनऊ: राजधानी के काकोरी क्षेत्र में चकौली अंडरपास के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार बिजनौर के नाहटौर थाने में तैनात दारोगा सोनू निगम की मां और ताऊ की मौत हो गई। दुर्घटना में दारोगा समेत दो लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, कार बुलंदशहर से मोहनलालगंज की ओर जा रही थी। हादसे के समय कार में कुल चार लोग सवार थे। चकौली अंडरपास के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान मां और ताऊ ने तोड़ा दम
हादसे में दारोगा सोनू निगम की मां सावित्री देवी (48) और ताऊ शेर सिंह (55) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दारोगा सोनू निगम (28) और संदीप भाटी (28) को हादसे में सामान्य चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद मौके पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होकर पलटने से यह दुर्घटना हुई।
