बांगरमऊ, उन्नाव।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा मे खेत से संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। पिता ने पुलिस से मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा है।
ग्राम भिखारीपुर परसिया के मजरा गुलरिहा निवासी मंगल निषाद 50 वर्ष पुत्र सोबरन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार की सुबह गांव से दूर भोपई रैदास के खेत में पड़ा पाया गया। कुत्तों के नोचने से शव क्षत-विक्षत हो गया है। शव पड़े होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। तभी मृतक के पिता सोबरन और पुत्र मनीष निषाद सहित अन्य सभी परिजन मोके पर आ पहुंचे और शव देखते ही दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। पिता ने बताया कि उसका बेटा मंगल निषाद बीते शुक्रवार को जानवर चराने खेतों पर गया था। किंतु वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोज की। फिर भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक के पिता ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा था। मृतक मंगल के एक बेटा मनीष निषाद और बेटी रीता, एकता, अंजली, सीता व संध्या है। इनमें अंजली, सीता व संध्या अभी अविवाहित हैं। मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी भगौता देवी रो-रोकर विलाप करने लगी कि अब उसकी तीन अविवाहित बेटियों की शादी आखिर कैसे होगी।
