जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरूआसागर की विद्यालय प्रबन्धन समिति की बैठक सम्पन्न
** सीसीटीवी के माध्यम से होगी विद्यालय की निगरानी, सभी जगह लगाए जाएंगे कैमरे
खाने की गुणवत्ता परखने के लिए सीडीओ ने स्वयं खाया छात्रों के साथ खाना
झांसी जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरूआसागर की विद्यालय प्रबन्धन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम विगत वर्ष के परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। कक्षा-12 में वाणिज्य वर्ग का परिणाम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। छात्रावास की छात्राओं के शौचालय की व्यवस्था में सुधार हेतु सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग एवं फिजिक्स की अध्यापिका को संयुक्त रूप से व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अनाच्छादित क्षेत्रों को सीसीटीवी से आच्छादित किए जाने के निर्देश दिए।
विद्यालय में संचालित मैस में भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण कराने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को मैस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता परखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पहले से बेहतर पाई गई। भोजन की गुणवत्ता एवं स्वाद में और सुधार हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता का प्रत्येक माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी से परीक्षण कराया जाए।
विद्यालय में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी, बरूआसागर द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय में स्टाफ नर्स तैनात है तथा उनके द्वारा सप्ताह में तीन दिन भ्रमण किया जाता है। जिलाधिकारी ने आकस्मिक चिकित्सा कक्ष को व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए।
विद्यालय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के संबंध में विद्युत कनेक्शन को अर्बन फीडर से जोड़े जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड, ग्रामीण को आवश्यक कार्यवाही करते हुए 07 दिवस में अवगत कराने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बारिश के मौसम में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने हेतु महाप्रबन्धक, जल संस्थान को पत्राचार किए जाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ एवं विशाखा समिति का गठन किए जाने तथा प्राप्त शिकायतों एवं उन पर की गई कार्यवाही का विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ के समस्त सदस्यों के नाम एवं सम्पर्क नम्बर विद्यालय में प्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी आवश्यकता पड़ने पर सम्बन्धित अधिकारियों से सम्पर्क कर सकें।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
