जगतसिंहपुर: ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में सुभद्रा योजना के पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति अपनी पत्नी से योजना के तहत मिले पैसे मांग रहा था और इन पैसों से शराब खरीदना चाहता था। पत्नी के पैसे देने से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया और पति ने कथित तौर पर उस पर भाले से हमला कर दिया। महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना शनिवार देर रात बालारामपुर गांव की बताई जा रही है। मामला जगतसिंहपुर सदर थाना क्षेत्र के जंकोटी इलाके का है। आरोपी पति की पहचान दिगंबर स्वाईं के रूप में हुई है। बताया गया है कि महिला को राज्य सरकार की सुभद्रा योजना के तहत पैसे मिले थे। आरोप है कि दिगंबर स्वाईं इन्हीं पैसों की मांग कर रहा था और वह रकम का इस्तेमाल शराब खरीदने के लिए करना चाहता था।
पत्नी ने पैसे देने से किया इनकार, भाले से हमला
पत्नी ने जब पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि दिगंबर ने घर के भीतर अपनी पत्नी पर भाले से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुदकुशी करने की कोशिश भी की। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती तौर पर घटना के पीछे आर्थिक विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इससे पहले ओडिशा के ढेंकानाल जिले में भी सुभद्रा योजना के पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। उस मामले में भी पैसे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
