कचरे का पहाड़ बना मौत का मलबा, झुग्गियों पर गिरा कचरे का ढेर; गिनी में 30 लोगों की मौत

कोनाक्री: अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में भारी बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। शहर के सबसे बड़े कचरा डंपिंग स्थल पर जमा कचरे का विशाल ढेर अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आसपास की कई झुग्गियां आ गईं और मलबे में दबने से 30 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।

भारी बारिश के बाद ढहा कचरे का ढेर

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 2 बजे तेज बारिश शुरू हुई। बारिश के कारण डार एस सलाम इलाके में जमा कचरा बहने लगा और देखते ही देखते बड़े पैमाने पर मलबा नीचे की ओर खिसक गया। इसके कारण आसपास बनी झुग्गियां मलबे में दब गईं। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई झुग्गियां पूरी तरह नष्ट हो गईं।

लोगों को पहले ही इलाका खाली करने का नोटिस मिला था

मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बाइलो के अनुसार, कोनाक्री के इस सबसे बड़े खुले कचरा डंप को रविवार को बंद करने का फैसला लिया गया था। अधिकारियों ने कचरा डंप के आसपास रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने का नोटिस भी जारी किया था। इसके बाद कई परिवार वहां से दूसरी जगह चले गए थे, लेकिन हादसे के समय भी काफी लोग इलाके में मौजूद थे।

प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह बसाने की तैयारी

हादसे के बाद मौके पर पहुंचीं क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री डिएनाबू टुरे ने प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह बसाने की बात कही है। प्रशासन की ओर से बाकी परिवारों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है।

मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी, बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा

बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि अभी और लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। राहतकर्मियों की टीमें घटनास्थल पर लगातार खोज अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने लोगों से मलबे के आसपास नहीं जाने की अपील की है।

 

Related posts