सोनाक्षी सिन्हा की ट्रोलिंग पर भड़के शत्रुघ्न सिन्हा, बोले- बीजेपी IT सेल के पेड ट्रोल कर रहे हैं निशाना

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के सीजेपी के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के समर्थन के बाद सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग को लेकर उनके पिता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी का बचाव किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनाक्षी को निशाना बनाकर की जा रही ट्रोलिंग स्वाभाविक नहीं है, बल्कि इसके पीछे सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है।

‘पेड ट्रोल हैं, उन्हें लिखकर दिया जाता है’

एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि सोनाक्षी को ट्रोल करने और उनके खिलाफ माहौल बनाने वाले लोग पेड ट्रोल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी IT सेल और उसकी नीतियों का समर्थन करने वाले लोग इस तरह की ट्रोलिंग कर रहे हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह ट्रोलिंग बनावटी है और ट्रोल करने वालों को खुद भी नहीं पता होता कि उन्हें क्या कहना है। उनके मुताबिक, उन्हें लिखकर दिया जाता है कि क्या कहना है और वे उसी के आधार पर प्रतिक्रिया देते हैं।

बेटी के ट्रोल्स पर ध्यान नहीं देने वाले बयान का समर्थन करते हुए शत्रुघ्न ने सोनाक्षी की मजबूती की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी में काफी हिम्मत है।

क्या राजनीति में आएंगी सोनाक्षी सिन्हा?

इंटरव्यू के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा से पूछा गया कि सोनाक्षी दिल्ली के छात्र आंदोलन के समर्थन में मुखर रही हैं, लेकिन कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि उन्होंने झारखंड में हुए छात्र आंदोलनों के दौरान ऐसा रुख क्यों नहीं अपनाया।

इस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उनकी बेटी ने कुछ दिन पहले झारखंड के छात्रों का भी मजबूती से समर्थन किया था। जब उनसे पूछा गया कि क्या सोनाक्षी भविष्य में राजनीति में कदम रखने की तैयारी कर रही हैं, तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते।

उन्होंने कहा कि पहले वह अपनी बेटी से इस बारे में पूछा करते थे। अब वह सिर्फ इतना कह सकते हैं कि सोनाक्षी एक योग्य पिता की सबसे योग्य बेटी हैं।

CJP प्रदर्शन पर सोनाक्षी ने किया था समर्थन

सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर सोनाक्षी सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने वांगचुक और अन्य छात्र प्रदर्शनकारियों के समर्थन में वीडियो साझा किया था।

सोनाक्षी ने प्रदर्शनकारियों की शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहने के लिए सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि सोनम वांगचुक के साथ जो हुआ, वह सही नहीं था। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें खुशी है कि वांगचुक ठीक हैं और उनकी पत्नी उनके साथ हैं।

सोनाक्षी ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में कहा था कि पिछले कुछ दिनों से वह सोनम वांगचुक और उनके साथ खड़े हजारों लोगों को देख रही हैं। उनके मुताबिक, तमाम परिस्थितियों के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शांत और सम्मानजनक तरीके से अपनी बात रखी और हिंसा का सहारा नहीं लिया।

उन्होंने कहा था कि देश की ताकत उसके युवाओं में है और प्रदर्शनकारियों को देखकर उन्हें यह बात सही लगती है। मुश्किलों, निराशाओं और असुविधाओं के बावजूद जिस तरह प्रदर्शनकारियों ने अपने विश्वास को बनाए रखा, वह प्रशंसा के योग्य है।

 

Related posts