गुरु पूर्णिमा पर वाराणसी से होगा संत रविदास के 650वें जयंती वर्ष का शुभारंभ, CM योगी करेंगे राष्ट्रव्यापी समरसता अभियान का आगाज

वाराणसी: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को वाराणसी स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब तीन बजे जन्मस्थली पहुंचकर संत रविदास के चरणों में मत्था टेकेंगे और अभियान का शुभारंभ करेंगे।

131 कलशों के साथ पूरे देश में पहुंचेगा समरसता का संदेश

अभियान के तहत संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को 131 कलशों में संग्रहित किया जाएगा। संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में इन कलशों का विधिवत पूजन होगा। इसके बाद इन्हें उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों के साथ देश के 27 राज्यों और छह जोनों के लिए रवाना किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को देशभर तक पहुंचाना है।

25 हजार लोगों की मौजूदगी में होगी समरसता संकल्प सभा

कार्यक्रम के दौरान एक विशाल समरसता संकल्प सभा का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने इस आयोजन में करीब 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। सभा में सामाजिक समरसता और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।

कई राज्यों के नेता और संत समाज के प्रतिनिधि होंगे शामिल

इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद्र बैरवा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह तथा समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। देशभर से संत समाज के प्रतिनिधि और डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रमुख की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रहेगी।

पांच चरणों में चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान

आयोजकों के अनुसार यह अभियान पांच चरणों में संचालित किया जाएगा। 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक कलश वंदन अभियान चलेगा, जबकि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान आयोजित होगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक जालंधर से काशी तक समरसता यात्रा निकाली जाएगी। 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान संचालित होगा। अभियान के दौरान रविदास घाट और पार्क में 11,000 दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव भी मनाया जाएगा। पूरा अभियान 20 फरवरी 2027 को माघी पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास जयंती तक जारी रहेगा।

 

Related posts